नागल पलूनी के युवक की रुड़की के धनौरी में सड़क हादसे में मौत
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरिद्वार की ओर जा रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरिद्वार जा रहा था। बताया गया है कि मोटरसाइकिल सवार युवक जैसे ही धनौरी तिरछे पुल के पास पहुंचा तो इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मोटरसाइकिल सवार युवक को सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा देख राहगीरों ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल युवक को उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भिजवाया जहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक का नाम सावन पुत्र राजेश निवासी नागल पलूनी बताया गया है। धनौरी पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बताया गया है कि सूचना मिलने के बाद से मृतक युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
