5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला कथित पत्रकार गिरफ्तार
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
प्रॉपर्टी कारोबारी को झूठी खबर चलाने की धमकी देकर वसूले थे 50 हजार, तीन मोबाइल, डायरी बरामद
देहरादून (देशराज पाल)। प्रॉपर्टी कारोबारी को झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग करने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर कारोबारी को ब्लैकमेल कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद हुई है। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए सीक्रेट चैंबर बनाया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल से कई लोगों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्तूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह कई वर्षों से देहरादून में प्रॉपर्टी का काम कर रहे हैं। वर्तमान में चांचक क्षेत्र की एक प्रॉपर्टी को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा है। शिकायत के मुताबिक, 19 अक्तूबर की सुबह एक अज्ञात नंबर से उनके मोबाइल पर कई व्हाट्सएप कॉल आईं। कॉल रिसीव नहीं करने पर संबंधित व्यक्ति ने मैसेज भेजकर खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताया। बाद में फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने प्रॉपर्टी से संबंधित खबरें अपने न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने और उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी। खबरें नहीं चलाने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की गई। पीड़ित के मुताबिक, धमकी से डरकर उन्होंने आरोपी की ओर से बताए गए एक्सिस बैंक के खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर बताया गया है। रकम देने के बाद जब उन्होंने आरोपी से दोबारा संपर्क किया तो पूरी रकम नहीं देने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और बैंक खाते में रकम जमा करने के साक्ष्य भी उपलब्ध कराए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की तो शिकायतकर्ता से संपर्क करने वाले व्यक्ति की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 19 अक्तूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान अनुज अग्रवाल (46), मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश और वर्तमान निवासी द्वारिकापुरी, क्लेमेंटटाउन, देहरादून के रूप में हुई है। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए विशेष रूप से गुप्त चैंबर बनाया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी इस चैंबर में मोबाइल छिपाकर लोगों के गोपनीय वीडियो बनाता था। उसके मोबाइल फोन से कई व्यक्तियों के ऐसे वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन्हें किन परिस्थितियों में बनाया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, अमानत में खयानत सहित अन्य आरोपों में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश में आरोपी के खिलाफ चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
