लाठरदेवा हूण में अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपए कीमत के आभूषण चोरी
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की/झबरेड़ा (देशराज पाल/राजपाल) मंगलवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने एक घर के अंदर घुसकर अलमारी के ताले तोड़ उसमें रखी लाखों रुपए कीमत सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित घर स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम लाठरदेवा हूण निवासी अजब सिंह ने बताया कि रोजाना की भांति मंगलवार की रात्रि भी वह खाना खाकर आराम से सो गए थे। इसी दौरान देर रात्रि अज्ञात चोर दीवार कूद कर उनके घर में घुसे और घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने चोरी की वारदात को ऐसे अंजाम दिया कि घर में सो रहे लोगों को उनकी भनक तक भी नहीं लग पाई। घर में चोरी होने की जानकारी सुबह उठने के बाद लगी। अलमारी के ताले टूटे देख घर के लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित घर स्वामी अजब सिंह ने मामले में झबरेड़ा थाने पहुंच अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि चोर उनके घर से सोने के दो गले के सेट, सोने की झुमकी, सोने के कुंडल, तीन सोने की अंगूठी, दो सोने के ओम, चांदी की पायल जिनकी कीमत लाखों रुपए है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। थाना अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
