सैल्यूट: गणेशपुर के लापता दो बच्चों को कुछ ही घंटों में ढूंढ लाई गंगनहर पुलिस
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। एक तरफ कांवड़ मेला तो दूसरी तरफ स्थानीय घटनाओं से निपटना इतना आसान नहीं होता लेकिन इन सब के बावजूद भी गंगनहर कोतवाली पुलिस बेहद सराहनीय कार्य कर रही है और इसके लिए स्थानीय लोगों ने उनकी सराहना की है। जी हां ऐसा ही दो बच्चों के लापता होने का मामला पुलिस के सामने आया तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन दोनों बच्चों को कुछ ही घंटों में बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। इनको ढूंढ लाने में सबसे बड़ी भूमिका कोतवाल आरके सकलानी और एसएसआई अजय शाह की रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंग नहर कोतवाली पहुंचे सुधीर कुमार निवासी गणपति विहार गणेशपुर ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र व पुत्री जिसका नाम केशव उम्र 13 वर्ष पहनावा हरे रंग की शर्ट, काले रंग का नेकर, पैरों में चप्पल पहने हैं व पुत्री मिस्टी उम्र 7 वर्ष पहनावा पीले रंग की शर्ट, नीले रंग का नेकर पहना है और करीब तीन बजे ट्यूशन जाने के लिए घर से निकले लेकिन वापस घर नहीं आये। बच्चों के लापता होने की जानकारी लगते ही गंगनहर कोतवाल द्वारा तत्काल वरिष्ठ उप निरीक्षक अजय शाह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिक बच्चों को मंगलौर पुराना नहर पुल पटरी से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ करने पर पता चला कि बच्चे कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। बच्चे मिलते ही परिजनों के चेहरे पर खुशियां दौड़ गई और उन्होंने पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की सराहना की। बच्चों को बरामद करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी, वरिष्ठ उप निरीक्षक अजय शाह, महिला उपनिरीक्षक करुणा रौंकली, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र नेगी, कां0 नितिन कुमार, कां0 प्रभाकर थपलियाल आदि शामिल रहे।
