February 6, 2025

विजय दशमी पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व: अमरदीप

0
Getting your Trinity Audio player ready...

रुड़की (देशराज पाल)। आनन्द स्वरुप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर, रुड़की में पूरे हर्षोल्लास के साथ दशहरा पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दशहरा कार्यक्रम का शुभारम्भ श्रीराम दरबार चित्र के समक्ष प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह, भवन प्रभारी जसवीर सिहं पुण्डीर, कार्यालय अधीक्षक आनन्द कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सास्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की वन्दना से किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘‘राम चरित्र वर्णन एवं रामायण मंचन’’ की मनमोहक नृत्य एवं गीत प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूहों को मन्त्र मुग्ध कर दिया। देवी स्तुति नृत्य नाटिका की प्रस्तुति ने भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक टीम में नारायण दास श्रीवास्तव, मोनिका गुप्ता, नेहा चढ्डा, विवेक उप्पल, सरिता बिष्ट के निर्देशन में तनु, दिव्यांशी, सोनाक्षी, आकृति, आरोही, शौर्य, अंश, आर्यवीर, अभिषेक, नयन, अभिज्ञान ने सहभाग किया। विद्यालय में नन्हें-मुन्हें छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को भी जमकर सराहा गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन श्रेष्ठा, दिव्यांशी, रितिक एवं हर्षित द्वारा संयुक्त रुप से किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने कहा कि नवरात्रि भारत का प्रमुख पर्व है जो सम्पूर्ण भारत में विभिन्न प्रकार से मनाया जाता है। गुजरात में डांडिया और गरबा, पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के रुप में भी भव्य सांस्कुतिक आयोजन किये जाते हैं। यह पर्व शक्ति की आराधना और नौ देवियों के व्रत और पूजा से पूर्ण होता है। विजय दशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। इस दिन हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपनी बुराइयों को त्यागकर राष्ट्र एवं समाज के हित में संगठित होकर कार्य करें और अपने देश और समाज को प्रदूषित विचारों एवं प्रदूषित वातावरण से भी बचाने का सार्थक प्रयास करें।
विद्यालय प्रबन्ध समिति ने भी अपने शुभकामना सन्देश में भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने व नरसेवा, नारायण सेवा का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक व शिक्षिकायें उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *