दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने का फरार आरोपी लंढौरा चौक से गिरफ्तार
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
*सिविल लाइन कोतवाली में पीड़ित पिता की तहरीर पर चार के खिलाफ दर्ज है दहेज हत्या का मुकदमा*
रुड़की (देशराज पाल)। दहेज के लिए हत्या करने के आरोपी को पुलिस में लंढौरा चौक से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस मुकदमे में दर्ज अन्य तीन आरोपियों की भी तलाश करने में जुटी है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल लाइन कोतवाली पुलिस में 30 मार्च 2026 को मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद हसन निवासी जबरदस्तपुर ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि उसकी पुत्री कि दहेज के लिए उसके पति और सास ससुर व अन्यों ने मिलकर उसकी पुत्री को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मामले में पति सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस टीम मुकदमे में दर्ज आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को आज उस समय सफलता हाथ लगी जब आरोपी पति कहीं भागने की फिराक में लंढोरा चौक पर मिला। पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर उसको वहीं से दबोच लिया। पुलिस उसे पकड़ कर अपने साथ कोतवाली ले आई। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी पति का नाम अबू बकर पुत्र ताहिर निवासी गढी सगीपुर थाना कोतवाली लक्सर हरिद्वार हाल निवासी ग्राम जोरासी जबलपुर कोतवाली रुड़की बताया है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है जहां से उसे जेल भेज दिया जाएगा। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी, उप निरीक्षक चंद्र मोहन सिंह, कांस्टेबल विकास त्यागी, कांस्टेबल रणबीर आदि शामिल रहे।
