April 24, 2026

3 दिन का अल्टीमेटम:समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस  उतरेगी सड़कों पर:राजेंद्र चौधरी

0
IMG_20260313_183111
Getting your Trinity Audio player ready...

रुड़की (देशराज पाल)। जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर की चरमराती व्यवस्थाओं और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शहर में बढ़ती गैस की कील्लत और राशन कार्ड ना बनना तथा नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार समेत एक ज्ञापन एएसडीएम को सौंप कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि प्रशासन द्वारा इस पर जल्द ही सुनवाई नहीं की जाती तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को एक ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि 3 दिनों के भीतर जनसमस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो कांग्रेस प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष एवं एडवोकेट राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि समय-समय पर प्रशासन को शहर की समस्याओं से अवगत कराया गया है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि अधिकारियों के पटल से अब तक कोई भी गंभीर कार्यवाही सुनिश्चित नहीं की गई है। प्रशासन के इसी सुस्त रवैये के कारण आज शहर की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने एएसडीएम को सौंपे ज्ञापन में रसोई गैस संकट के चलते शहर में रसोई गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। कांग्रेस ने तत्काल गैस सप्लाई सुचारू करने की मांग की है। सफाई व्यवस्था जो ठप पड़ी है उसमें प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था बहाल कराने को कहा गया है। नगर निगम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग जोर-शोर से उठाई गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा नए राशन कार्ड न बनाए जाने से गरीब जनता आयुष्मान योजना के तहत इलाज से वंचित हो रही है। शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और संगठित रूप से चल रहे देह व्यापार पर तत्काल अंकुश लगाने की कड़ी चेतावनी दी गई है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि रुड़की में अपराध और अव्यवस्था का बोलबाला है। यदि दिए गए 3 दिन के समय के भीतर धरातल पर सुधार नहीं दिखा, तो जिला कांग्रेस कमेटी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। एएसडीएम को ज्ञापन देने के उपरांत महानगर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी अपने पदाधिकारियों के साथ पड़ाव पर पहुंच कर धरना प्रदर्शन कर रहे नगर निगम रुड़की के सफाई कर्मियों से मिले और उन्हें कांग्रेस पार्टी की तरफ से पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि रुड़की महानगर की सेवा करने वाले सफाई कर्मियों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मियों की लड़ाई में तन मन से पूर्ण सहयोग करेगी। इस मौके पर संजय तोमर उर्फ गुड्डू, वैभव सैनी ब्लॉक अध्यक्ष, रिजवान अहमद, नीरज सैनी, डॉ हरविंदर सिंह, विशाल सहगल, ओमवीर सिंह मलिक, डॉ परवेज़ आलम, इस्तखार, विकास त्यागी, सुनील शर्मा, हिमांशु चौधरी आदि कांग्रेसी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page