अल्पसंख्यकों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम जन कल्याण योजनाएं:विपिन कंडारी
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|


रुड़की मंगलौर (देशराज पाल/राजपाल)। भाजपा नेता जमीर हसन ने कहा कि आज ही के दिन 1992 को अल्पसंख्यक आयोग का गठन किया गया था जिसको उत्तराखंड सरकार ने भी 27 मई 2002 को आयोग का गठन दिया था। उन्होंने बताया कि हमारे देश में अपने-अपने धर्म को मानने वाले रहते हैं और सभी को अपने धर्म के प्रति अधिकारों को जानने की जरूर है। यह आयोग इसलिए बनाया गया था कि इन्हें बहुसंख्यक लोग सता ना सके।
बृहस्पतिवार को मंगलौर कोतवाली में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग एवं उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर लोक समस्या निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मंगलौर से शोभित गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा जितनी भी योजना अल्पसंख्यकों के लिए चलाई जा रही है उन सभी के लिए अल्पसंख्यकों को जागृत होना जरूरी है। समाजसेवी मरगूब कुरैशी ने कहा कि अब देश अंधकार में नहीं है। कदम कदम पर केंद्र सरकार अल्पसंख्यकों के लिए योजना धरातल पर ला रही है जिनको जानना बेहद जरूरी है। अल्पसंख्यक आयोग इसलिए बनाया गया है ताकि अल्पसंख्यकों के अधिकारों का हनन न हो। अल्पसंख्यक आयोग के एडीओ विपिन कंडारी ने कहा कि आयोग द्वारा बहुत अच्छी योजनाएं चला रखी है जिनमें से एक योजना मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना के तहत दसवीं में 60 प्रतिशत अंक लाने वाली बालिका को 10 हजार प्रोत्साहन राशि, 70% अंक लाने वाली बालिका को 15 हजार, 80% अंक लाने वाली बालिका को 20 हजार रुपए डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं 12वीं करने वाली बालिकाओं को भी 60 प्रतिशत अंक लाने पर 15 हजार, 70% लाने पर 20 हजार और 80% लाने वाली बालिका को 25 हजार दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया अब तक जिले में 1150 आवेदन मिल चुके हैं। उन्होंने बताया मौलाना आजाद एजुकेशन फाइनेंस योजना के तहत भी बिना ब्याज पर 5 लाख तक का ऋण दिया जा रहा है। कोर्स पूरा होने के 6 माह बाद इस पेज को 36 किस्तों के माध्यम से लिया जाएगा। उन्होंने एक और योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री हुनर योजना के तहत अल्पसंख्यकों के बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा जिसमें सिलाई, कढ़ाई, अचार, प्लंबिंग आदि शामिल है। उन्होंने बताया कि उनके प्रशिक्षण के दौरान 100 घंटे की अवधि पूरी करने पर 2 हजार रुपए, डेढ़ सौ घंटे की अवधि पूरी करने पर 2500 रुपए, ढाई सौ घंटे की अवधि पूरी करने पर 4 हजार रुपए दिए जाएंगे। ऐसे ही स्वरोजगार योजना के तहत 20 हजार से लेकर 10 लाख तक का लोन दिया जाएगा। जिसमें 15 प्रतिशत स्वयं और 25 प्रतिशत विभाग देगा तथा 60 प्रतिशत सरकार द्वारा दिया जाएगा। यह योजना 18 साल से 55 साल तक के व्यक्ति के लिए होगी। ऋण लेने वाले की वार्षिक आय ढाई लाख से ज्यादा ना हो। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों के लिए जितनी भी योजनाएं चलाई जा रही है सभी योजनाएं बेहतर है और अल्पसंख्यक जागृत होकर इनका लाभ उठाएं। इस अवसर पर कार्यक्रम में मंगलौर कोतवाल अमरजीत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मोइनुद्दीन अंसारी, पूर्व सभासद इरशाद अंसारी, परवेज नंबरदार, सुलेमान, मोहम्मद नदीम, परवेज अंसारी आदि मौजूद रहे।
*दो मेधावी छात्राओं को भी किया गया सम्मानित*
कार्यक्रम के बाद में अर्शी पुत्री शादाब निवासी मोहल्ला किला मंगलौर को हाईस्कूल में 93.8 अंक लाने पर प्रशिक्षित पत्र देकर सम्मानित किया गया। अरीबा निवासी मोहल्ला बंदरटोल मंगलौर को इंटरमीडिएट में 92 प्रतिशत अंक लाने पर सम्मानित किया गया।
