उत्तम शुगर मिल के गन्नों से भरे ओवरलोड ट्रालों पर पुलिस कब करेगी कार्रवाई
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

रुड़की/मंगलौर (देशराज पाल/राजपाल)। उत्तम शुगर मिल के गन्नों से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉले आमजन की जान पर मुसीबत बने हुए। हाईवे से लेकर संपर्क मार्गों पर तेज गति से दौड़ते यह मिल के ट्राले कब पलट जाए और किसकी जान ले ले इसकी परवाह शायद मिल प्रबंधन के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को भी अभी तक नहीं हुई है। जिसके चलते अब आमजन पुलिस से सवाल करता दिख रहा है कि इन ओवरलोड मिल के ट्रालों पर पुलिस कब कानूनी कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि सर्दियां आते ही मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की उत्तम शुगर मिल जैसे ही चालू होती है वैसे ही स्थानीय नागरिकों को अपनी और अपने बच्चों की जान की चिंता सताने लगती है। उत्तम शुगर मिल के गन्नों से भरे ओवरलोड ट्राले संपर्क मार्गो से होते हुए हाईवे पर पहुंचते हैं। उत्तम शुगर मिल के ओवरलोड ट्राले कब कहां अनियंत्रित होकर पलट जाए इसका कोई भरोसा नहीं लेकिन इसके बावजूद भी मिल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस प्रशासन का अभी तक इनकी ओर कोई ध्यान नहीं गया है जबकि पिछले काफी समय से उत्तम शुगर मिल के ओवरलोड गन्ने से भरे वाहन हाईवे पर दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। पिछले साल मंगलौर सीओ ने गन्ने से भरे ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई भी की थी और उन्हें हिदायत भी थी कि यदि ओवरलोड वाहन फिर दिखाई दिए तो उनके खिलाफ करवाई होगी। लेकिन शायद मिल प्रबंधन को पुलिस प्रशासन की कार्रवाई का कोई खौफ इस साल नहीं दिखाई दे रहा है। जिसके चलते ही उत्तम शुगर मिल के गन्ने से भरे ओवरलोड ट्राले तेज गति से बेरोकटोक धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। इन ओवरलोड वाहनों पर कोई कार्रवाई न होने से आमजन अब पुलिस से सवाल करने लगा है कि कब इन वाहनों पर पुलिस कार्रवाई करेगी या फिर यह उत्तम शुगर मिल के वाहन ऐसे ही यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए आमजन की जान से खिलवाड़ करते रहेंगे। अब देखना होगा कि क्या स्थानीय पुलिस प्रशासन इन पर अंकुश लगा पाता है या नहीं।
