March 30, 2026

पुष्कर सिंह धामी मंत्री मंडल का विस्तार, पांच नए मंत्री बने

0
IMG_20260320_130429
Getting your Trinity Audio player ready...

देहरादून (देशराज पाल)। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार में लंबे समय से प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आखिरकार आज संपन्न हो गया। इस विस्तार के तहत धामी कैबिनेट में पांच नए चेहरों को शामिल किया गया, जिससे सरकार को राजनीतिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजभवन में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने नव नियुक्त मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में सरकार के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नेताओं में राजपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक खजन दास, रुद्रप्रयाग क्षेत्र से भारत सिंह चौधरी, हरिद्वार से वरिष्ठ नेता मदन कौशिक, रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा तथा कुमाऊं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए मदन सिंह खेड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस विस्तार के साथ ही राज्य में लंबे समय से खाली चल रहे मंत्रियों के पांचों पदों को भर दिया गया है। माना जा रहा है कि इससे सरकार के कार्यों में तेजी आएगी और विभिन्न क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व मिलने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। शपथ ग्रहण समारोह की एक विशेष झलक तब देखने को मिली जब भारत सिंह चौधरी ने संस्कृत भाषा में शपथ ली, जबकि अन्य सभी मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ग्रहण की। यह पल समारोह में उपस्थित लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। राजनीतिक दृष्टि से इस मंत्रिमंडल विस्तार को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस विस्तार के माध्यम से संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि नए मंत्रियों को कौन-कौन से विभाग सौंपे जाते हैं और वे अपने दायित्वों का निर्वहन किस प्रकार करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page