एसएसपी ने किया ब्लाइंड सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफतार
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
*प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल और आपसी विवाद बना हत्या की कारण*
*पारिवारिक शादी में महिला के डीजे पर डांस से नाराज़ था आरोपी*
*कलियर होटल में रुके मृतका और आरोपी तड़के सुबह दिया मर्डर को अंजाम*
रुड़की/बहादराबाद (देशराज पाल)। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक जटिल एवं ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल और आधार कार्ड बरामद किया है। पुलिस ने पकड़े गए हत्यारोपी का विभिन्न धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया है।
मंगलवार की दोपहर एसएसपी हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 24.जुलाई 2026 को पीड़ित मोमिन पुत्र हमीद, निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार द्वारा थाना बहादराबाद में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि उनकी पुत्री शहनुमा की हत्या गांव के ही निवासी नावेद पुत्र रियासत तथा उसके परिवार के सदस्यों द्वारा की गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा तत्काल पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। घटना के बाद मुख्य आरोपी नावेद अपने घर से फरार हो गया था। पुलिस द्वारा उसके परिजनों एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की गई, किन्तु किसी ने भी आरोपी के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी।मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। घटनास्थल स्पष्ट नहीं था तथा मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था, जिससे जांच अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने धैर्य एवं तकनीकी तथा मानवीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए आरोपी की तलाश लगातार जारी रखी।आरोपी की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। 27 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी नावेद अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम भगवानपुर चंदनपुर, मंगलौर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय पुलिस सहयोगियों को आरोपी का फोटो दिखाकर पूछताछ की। एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा तालाब के समीप संदिग्ध युवक के खड़े होने की जानकारी दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक से नाम-पता पूछा गया। प्रारंभ में वह घबरा गया एवं कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका।पहचान संबंधी दस्तावेज मांगने एवं सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर, थाना बहादराबाद बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका मृतका शहनुमा के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के बीच समय के साथ विवाद बढ़ने लगे। आरोपी के अनुसार एक पारिवारिक समारोह के दौरान शहनुमा ने लड़कों के साथ डीजे पर डांस किया उसके द्वारा मना किया परंतु वह नहीं मानीं जिससे दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मृतका उसे विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी। शहनुमा ने उसकी माँ और बहन को गंदी गालियाँ दीं साथ ही कोर्ट में बयान देने की बात की तुने मेरी गंदी फ़ोटो ससुराल वालों को दिखा कर मेरा रिश्ता तुड़वाया है, आरोपी ने यह भी बताया कि वह स्वयं को लगातार ब्लैकमेल महसूस कर रहा था तथा इसी कारण उसने शहनुमा की हत्या करने की योजना बनाई।योजना के अनुसार वह शहनुमा को 28 तारीख़ को कलियर लेकर गया व होटल में रुका। अगले दिन तड़के उसे अपने साथ सुनसान क्षेत्र की ओर ले जाकर उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। इसके बाद वह अपने गांव लौट आया और सामान्य दिनचर्या अपनाने का प्रयास करता रहा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया तथा पुलिस की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन एवं आधार कार्ड बरामद कराया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नावेद पुत्र रियासत निवासी ग्राम अलीपुर, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार उम्र 28 वर्ष बताया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल फोन, मृतका का आधार कार्ड बरामद किया है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में व0 उ0नि0 मनोज गैरोला, उ0नि0 विकास रावत, उ0नि0 हेमदत्त भारद्वाज, कानि. बलवन्त सिंह, कानि. अरुण चमोली, कानि. विकास थापा, कानि. सतेन्द्र चौधरी, कानि. (सीआईयू) वसीम आदि शामिल रहे।
