कक्षा 12 का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, परिजन परेशान
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। कक्षा 12 में पढ़ने वाला एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। छात्र के लापता होने के बाद से उसके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद माज पुत्र गुलशेर अली निवासी मोहल्ला माहीग्राम रुड़की कक्षा 12 का छात्र है और वह सिटी पब्लिक स्कूल सोत मोहल्ला में पढ़ता था। पिता गुलशेर अली ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार की सुबह चावमंडी स्थित भगवती नर्सिंग होम के पास वह ट्यूशन पढ़ने गया था और फिर वापस घर आ आया था। उन्होंने बताया थोड़ी देर बाद फिर वह कपड़े पहन कर घर से चला गया। देर शाम तक भी उसके वापस ना आने से परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पहले अपने स्तर से उसकी आसपास व दोस्तों के यहां उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ नहीं पता चल पाया। पीड़ित पिता ने बताया कि जब उसका कुछ पता नहीं चल पाया तो उन्होंने उसकी गुमशुदगी की तहरीर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस देकर उसकी तलाश की गुहार लगाई है। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि दो बजे के आसपास युवक ई रिक्शा से रेलवे स्टेशन तक पहुंचा था और उसके बाद उसका मोबाइल लगभग ढ़ाई बजे स्विच ऑफ हो गया। मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर लापता युवक की तलाश करने में जुटी है। उधर युवक के अचानक से घर से लापता हो जाने से उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। युवक के लापता होने के कारणों का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
