सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से नाराज महानगर कांग्रेस ने फूंका एसएनए और मेयर का पुतला
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से नाराज महानगर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन और मेयर के खिलाफ अपना गहरा रोष जाहिर करते हुए उनका पुतला दहन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने पुतला दहन करते हुए चेतावनी दी है कि 10 दिन के अंदर सफाई व्यवस्था की दुरूस्त ना की गई तो नगर निगम में तालाबंदी की जाएगी।
रविवार को एसडीएम चौक स्थित शराब गोदाम के सामने जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के तत्वाधान में मेयर रुड़की एवं एसएनए का कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं वार्ड वासियों द्वारा पुतला दहन किया गया। कांग्रेसियों ने कहा कि वार्ड 8 के तिराहे पर समस्त सिविल लाइंस का कूड़ा प्राइवेट रिक्शा चालको द्वारा घर-घर से इकट्ठा कर एवं रोडवेज स्थित होटल से व अन्य संस्थाओं का इकट्ठा कर वहां लाया जा रहा है जहां से नगर निगम के ठेकेदार उसे उठाते हैं जबकि यह नगर निगम की जिम्मेदारी है। वह गलियों तथा होटल का कूड़ा स्वयं इकट्ठा करके सीधे डंपिंग ग्राउंड में भेजें। प्राइवेट रिक्शा चालकों द्वारा कूड़ा इकट्ठा किया जा रहा है जिसमें भ्रष्टाचार भी है। इस कारण यहां गंदगी व्याप्त है। वार्ड वासियों की शिकायत पर नगर निगम सफाई व्यवस्था देख रही सहायक नगर अधिकारी द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया जिससे नाराज होकर महानगर कांग्रेस कमेटी एवं वार्ड वासियों द्वारा रुड़की की मेयर एवं सहायक नगर अधिकारी का पुतला दहन किया गया। इस अवसर पर मेयर एवं सहायक नगर अधिकारी मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और नगर निगम रुड़की को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपनी कार्यशैली में सुधार लाए। राजेंद्र चौधरी एडवोकेट जिला अध्यक्ष कांग्रेस ने कहा कि रुड़की की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और प्रशासन भ्रष्टाचार में व्यस्त है। नगर निगम का कोई ध्यान सफाई व्यवस्था पर नहीं है और सबसे बड़ी विडंबना है कि यह वार्ड मेयर साहिब का अपना निजी वार्ड भी है। जब मेयर के वार्ड में यह स्थिति है तो अन्य क्षेत्रों की क्या हालत होगी। उन्होंने नगर निगम को चेतावनी दी कि 10 दिन के भीतर भीतर रुड़की की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर दी जाए वरना नगर निगम कार्यालय पर धरना एवं प्रदर्शन किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजकुमार सैनी ने भी नगर निगम की लापरवाही को लेकर कहा कि यह बहुत ही चिंता एवं निंदा का विषय है कि रुड़की जो बहुत ही साफ सुथरी नगरी थी उसका बुरा हाल हो गया। जिला सचिव विकास त्यागी, मोनू ने कहा कि उनके द्वारा बार-बार नगर निगम सहायक नगर अधिकारी तथा पार्षद एवं मेयर को इस गंदगी के बारे में बताया गया लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया जिससे रूष्ट होकर महानगर जिला कांग्रेस एवं स्थानीय निवासियों ने पुतला दहन का निर्णय लिया। पुतला दहन करने वालों में राजेंद्र चौधरी एडवोकेट अध्यक्ष जिला कांग्रेस रुड़की महानगर, प्रदेश महामंत्री राजकुमार सैनी, विकास त्यागी मोनू, राजीव वालिया आदित्य कुमार राजपाल, राजा चौधरी एडवोकेट, मो शमीम, अविनाश त्यागी, नीरज, पंकज राठी, सुभाष चंद्र शर्मा सुधीर चौधरी मोहित त्यागी आदेश सैनी राजिंदर कुमार, अश्विनी छाबड़ा, नसीम अहमद, मदन पाल भड़ाना, मकसूद हसन, उम्मेद गाजी अमित मलिक आदि मौजूद रहे।
