डीएम मयूर दीक्षित ने पत्नी संग किया पौधारोपण, हरेला पर्व की दी बधाई
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
हरिद्वार (देशराज पाल)। हरेला पर्व के मौके पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रदेश एवं जनपदवासियों को हरेला पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपनी पत्नी प्रज्ञा दीक्षित के संग जिला कार्यालय परिसर रोशनाबाद में पौधारोपण कर ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ करते हुए तीन स्थानों पर वृक्षारोपण किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पौधारोपण हेतु स्वयं फावड़ा चलाया। विभिन्न विभागों, संगठनों, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हरेला पर्व पर जनपद में 20 हजार पौधों का रोपण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रकृति को हरा भरा करने तथा पर्यावरण एवं जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति सभी को जागरूक होते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में चलने वाला यह कार्यक्रम जनजागरुकता के साथ मनाया जाए तथा ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाए जाने में के लिए जन सहभागिता एवं सभी का योगदान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हमें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। यह पर्व केवल एक पर्व ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है जोकि हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाना सिखाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावण असंतुलन को रोकने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है और वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ ही भावनात्मक जुड़ाव के माध्यम से पौधों का संरक्षण एवं देखभाल हो सके ताकि अभियान केवल पौधारोपण तक ही सीमित न रहे। यह अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश देता। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन समय की आवश्यकता होने के साथ-साथ सभी की नैतिक जिम्मेदारी भी है।
