सनातन संस्कृति में सावन माह का विशेष महत्व: विकास
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। सावन माह के हरेला पर्व अवसर पर प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट ने ग्राम खजुरी में पर्यावरणीय और सामाजिक कार्य किया। ट्रस्ट के सदस्यों ने श्रीबाला सुंदरी मंदिर परिसर और सड़क किनारे अमरूद, पीपल, बेलपत्र, सागौन आदि के पेड़ लगाकर उन्हें संरक्षित करने की शपथ ली।
प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष विकास त्यागी ने इस अवसर पर कहा कि सनातन संस्कृति में सावन माह का विशेष महत्व है। सावन माह में पूरी प्रकृति हरी भरी रहती है और यह प्रकृति की सुंदरता को और भी बढ़ा देता है। इसे और हरा भरा बनाने के लिए लगातार कई सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिवर्ष पेड़ लगाकर प्रकृति को सुरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है, जो वास्तव में हमारे आने वाली पीढ़ी के लिए बड़ा ही महत्वपूर्ण कार्य है। इस काम को गति देने का कार्य प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा साथियों के साथ मिलकर किया गया है। विकास त्यागी ने कहा हम सभी को मिलजुल कर प्रकृति को प्रदूषण मुक्त रखना चाहिए और पर्यावरण की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के विक्रांत पुंडीर ने बताया कि शांति, समृद्धि और हरियाली का प्रतीक, हरेला पर्व पारंपरिकता से ओतप्रोत है और इसका सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व भी बहुत है। यह शिव और पार्वती के विवाह के अनुष्ठान के साथ-साथ, ईश्वर से भरपूर फसल और समृद्धि की कामना करने वाले लोगों की आस्था और प्रार्थना का प्रतीक है। हरेला पर्व हमें प्रकृति के करीब आने और उसकी रक्षा करने का संदेश देता है। ट्रस्ट के सदस्य सुशील त्यागी ने कहा कि प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट लगातार इसी प्रकार के सामाजिक कार्य में अपना योगदान करता है। इसके लिए ट्रस्ट से जुड़े सभी साथियों का समय-समय पर सहयोग मिलता रहता है। ट्रस्ट का उद्देश्य समाज और पर्यावरण के लिए सकारात्मक कार्य करना है। इस अवसर पर दुष्यंत त्यागी अध्यक्ष सीएमडी इंटर कॉलेज, आकाश त्यागी, हरेंद्र त्यागी, गौरव त्यागी, मनोज शर्मा, विनय कुमार सैनी, सुनील चौधरी, आदेश कुमार, योगेश त्यागी, विरज मोहन आदि उपस्थित रहे।
