पति से तलाक के बाद बच्चे ना मिलने से परेशान मां गंगनहर में कूदी

Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। मां की ममता मां ही जानती है और इसकी बानगी आज एक बार फिर देखने को मिली है। जी हां पति से तलाक होने के बाद बच्चे ना मिलने से विचलित हुई एक मां गंग नहर में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की लेकिन उसे बचा लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मां की तहरीर आने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह एक महिला सोलानी पार्क स्थित गंग नहर पुल पर पहुंची। बताया गया है कि महिला पुल पर काफी देर से इधर से उधर घूम रही थी इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता महिला ने गंग नहर में छल्लांग लगा दी। महिला को गंग नहर में बहता देख राहगीरो ने शोर मचा दिया। शोर शराबे की आवाज सुन मोनू जलवीर नाम से रुड़की में प्रसिद्ध युवक ने गंग नहर में बह रही महिला को बड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया। पीड़ित महिला ने जब अपनी दास्तान लोगों को बताई तो उनकी आंखों से भी आंसू निकल गए। मामले की जानकारी लगने पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित महिला ने बताया कि वह ग्राम किशनपुर की रहने वाली है और उसकी शादी भगवानपुर थाना क्षेत्र के गांव में युवक से हुई थी। पीड़ित महिला का कहना है कि उसका पति से विवाद चला आ रहा था और इसी कारण से उसका तलाक हो गया था। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं और तलाक के बाद पति उसके बच्चों को उसे देखने तक भी नहीं दे रहा है। इतना ही नहीं रोते बिलखते वह कई बार वह अपने पति के घर पहुंची और बच्चों से मिलवाने की बात कही। आरोप है कि उसका पति उसके साथ गाली गलौज कर उसे घर से भगा देता है। अपने बच्चों को अपने से दूर होता देख उसने अपने आप को खत्म करना ही उचित समझा और उसी के चलते आज वह गंग नहर में कूद गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित महिला की तहरीर के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।