मंगलौर के कगोवाली गांव में हादसा, बागपत के मिस्त्री की मिट्टी के नीचे दबकर दर्दनाक मौत

Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की/मंगलौर (देशराज पाल)। मंगलौर थाना क्षेत्र के गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दीवार निर्माण कर रहे मिस्त्री की मिट्टी के नीचे दबकर दबकर मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को किसी तरह बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कगोवाली में स्थित एक आश्रम की दीवार निर्माण का कार्य चल रहा है। बताया गया है कि दीवार निर्माण के लिए मिस्त्री दीवार की नीव को खोद रहा था। दीवार की नीव को खोदते अचानक से मिट्टी के ढांग मिस्त्री के ऊपर गिर गई। मिस्त्री के ऊपर मिट्टी की ढांग गिरते देख वहां मौजूद अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। इसी बीच मामले की जानकारी किसी ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों की सहायता से मिट्टी को हटाने का प्रयास किया। लेकिन मिट्टी हटाने में अधिक समय लगने के कारण मिस्त्री की मिट्टी में दबकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मृतक मिस्त्री के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया है। पुलिस ने मृतक मिस्त्री का नाम रणवीर उम्र 38 निवासी बागपत उत्तर प्रदेश बताया है। बताया गया है कि मिस्त्री कई दिनों से यहां पर काम कर रहा था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। बताया गया है की सूचना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मंगलौर कोतवाल शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।