गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत

Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुद्रपुर (देशराज पाल)। ढलपुरा क्षेत्र में दो दिनों के भीतर गुलदार ने तीन कुत्तों को अपना निवाला बना लिया है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। लोग रात को पहरा दे रहे हैं। गूलरभोज क्षेत्र में बौर नदी से सटे गांव में गुलदार ने आतंक मचा रखा है। बीते 2 दिन के भीतर हरपाल सिंह निवासी दो पुलिया, कारज सिंह निवासी ढलपुरा और पवन कुमार निवासी रोशनपुर के कुत्तों पर रात में हमला कर गुलदार ने निवाला बना लिया। घटना के बाद ग्रामीण रात को पहरा दे रहे हैं। पूर्व प्रधान सुनीता आर्य ने बताया कि लोग अपने पालतू पशुओं को रात में घरों के अंदर रख रहे हैं। वहीं लोगों को अकेले बाहर निकालने के लिए मना किया गया है। वहीं रुद्रपुर रेंजर भूपाल सिंह कैड़ा ने बताया कि वन विभाग की टीम गश्त के लिए लगा दी गई है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।