सेवानिवृत्ति पर जा रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने हर जिम्मेदारी को पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा के साथ निभाया:दीपम सेठ
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

देहरादून (देशराज पाल)। अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस मुख्यालय देहरादून स्थित सभागार में पुलिस महानिरीक्षक एन.एस. नपलच्याल एवं पुलिस उपाधीक्षक नवीन चन्द्र सेमवाल के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन ए.पी. अंशुमान सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं द्वारा दोनों अधिकारियों की गौरवशाली सेवा यात्रा, उनके कर्तव्यनिष्ठ योगदान, नेतृत्व क्षमता एवं अनुकरणीय कार्यशैली का उल्लेख करते हुए भूरि-भूरि सराहना की गई।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कहा कि सेवानिवृत्ति पर जा रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने हर जिम्मेदारी को पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा और गरिमा के साथ निभाया। मैं आशा करता हूँ कि इनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस को निरंतर प्राप्त होता रहेगा। मैं उत्तराखण्ड पुलिस परिवार की ओर से दोनों अधिकारियों को इनके समर्पित सेवाकाल के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूँ और इनके आगामी जीवन के लिए सुख, स्वास्थ्य व सक्रियता से परिपूर्ण भविष्य की मंगलकामनाएँ करता हूँ। एन. एस. नपलच्याल एवं नवीन चन्द्र सेमवाल ने भी समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, समर्थन एवं कर्मठता के कारण ही वे अपने उत्तरदायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।समारोह के अंत में पुलिस महानिदेशक द्वारा एन. एस. नपलच्याल एवं नवीन चन्द्र सेमवाल को एक स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।
*सेवा विवरण एन. एस. नपलच्याल*
एन.एस. नपलच्याल का चयन वर्ष 1995 में प्रांतीय पुलिस सेवा में हुआ। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, देहरादून, नैनीताल, मेरठ तथा पीटीसी मुरादाबाद में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।भारतीय पुलिस सेवा में इंडक्शन के उपरान्त उन्होंने वर्ष 2012 से 2013 तक संयुक्त राष्ट्र मिशन, सूडान में सेवा प्रदान की। तत्पश्चात् पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, प्रशिक्षण तथा सीसीटीएनएस सहित अनेक महत्त्वपूर्ण पदों पर दायित्वों का निर्वहन किया। वर्ष 2019 में पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नति के पश्चात् उन्होंने फायर, प्रशिक्षण एवं सीआईडी जैसे महत्वपूर्ण विंगों का नेतृत्व किया। वर्ष 2023 में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने के उपरान्त उन्होंने सीआईडी तथा निदेशक यातायात जैसे अहम पदों पर सेवाएँ प्रदान कीं। वर्तमान में वे निदेशक यातायात के पद पर कार्यरत हैं। भारत सरकार द्वारा दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2013 में संयुक्त राष्ट्र मेडल, वर्ष 2019 में सराहनीय सेवा के लिये राष्ट्रपति पदक एवं वर्ष 2025 में राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। सेवा विवरण नवीन चन्द्र सेमवाल नवीन चन्द्र सेमवाल वर्ष 1985 में पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर नियुक्त हुए। अपने सेवाकाल में वे वर्ष 1998 में उप निरीक्षक, वर्ष 2016 में निरीक्षक तथा वर्ष 2024 में पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने नैनीताल, मेरठ, उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार सहित पुलिस मुख्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। भारत सरकार द्वारा सराहनीय सेवा के लिए उन्हें वर्ष 2025 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया।
