धामी सरकार पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस अपने शासनकाल में हुए भूमि आवंटनों का हिसाब जनता को दे:मदन कौशिक
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की की ओर से कांग्रेस के भूमि बचाओ अभियान को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का भूमि बचाओ अभियान वास्तव में भूमि संरक्षण की मुहिम नहीं, बल्कि अपनी डूबती राजनीतिक जमीन बचाने की छटपटाहट है।
बुधवार दोपहर रुड़की के होटल में पत्रकारों से प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल में हुए भूमि आवंटनों का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने नानीसार प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय 7.061 हेक्टेयर पंचायत भूमि मात्र 1,200 रुपये वार्षिक किराये पर 30 वर्ष के लिए आवंटित की गई थी। इस मामले में विरोध करने वाले ग्रामीणों पर मुकदमे तक दर्ज हुए। उन्होंने धौलास भूमि विवाद, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को भूमि आवंटन तथा टाटा मोटर्स-सिडकुल भूमि आवंटन जैसे मामलों पर भी कांग्रेस से जवाब मांगा। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति सरकारी भूमि को बेचने की नहीं, बल्कि सरकारी स्वामित्व सुरक्षित रखते हुए उसका सदुपयोग करने की है। अनुपयोगी भूमि को निर्धारित शर्तों पर लीज के माध्यम से उद्योग, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लगभग 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। सरकार सख्त भू-कानून, स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा और पारदर्शी भूमि प्रबंधन के लिए लगातार कार्य कर रही है। कांग्रेस लीज और बिक्री के अंतर को छिपाकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। प्रेस वार्ता के दौरान जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, जिला महामंत्री सागर गोयल, जिला उपाध्यक्ष डॉ सौरभ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, बृज मोहन सैनी, अवनीश शर्मा, सुशील त्यागी, धीर सिंह, मास्टर नागेन्द्र, अंकित गौतम आदि उपस्थित रहे।
