आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर में नवनिर्मित व्यायामशाला का लोकार्पण
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

रुड़की (देशराज पाल)। आनन्द स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर दिल्ली रोड़ रुड़की के नवनिर्मित व्यायामशाला (बल साधना केन्द्र) का लोकार्पण समारोह पूर्ण हर्षोल्लास से सम्पन्न हुआ। इसका शुभारम्भ यज्ञ संस्कृताचार्य विवेक पाण्डेय एवं योगेश शास्त्री द्वारा सम्पन्न कराया गया। वेदऋचाओं से गुंजायमान व्यायामशाला बल साधना केन्द्र का लोकार्पण प्रबन्धक डाॅ0 रजत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा, सहप्रबन्धक दिनेश पंवार, कर्नल रविन्द्र बंसल एवं प्रवीण गर्ग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारम्भ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
मंगलवार को व्यायामशाला बल साधना केन्द्र का लोकार्पण करते हुए विद्यालय प्रबन्धक डाॅ0 रजत अग्रवाल ने कहा कि आनन्द स्वरुप आर्य सरस्वती विद्या मन्दिर छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु निरन्तर शैक्षिक, बौद्धिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भव्य आयोजन कर विद्यालय के नौनिहालों को उच्च कोटि की शिक्षा के साथ साथ भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत, विचारों एवं संस्कारों की शिक्षा देने का अपना दायित्व पूर्ण निष्ठा के साथ निभा रहा है। विद्यालय के सहप्रबन्धक दिनेश पंवार ने कहा कि चरित्रवान बच्चें ही देश की निधि है इसके लिये छात्रों को चाहिये कि शुरु से ही अपने जीवन में ज्ञान, योग व संस्कृति की शिक्षा को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें। विद्यालय कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि व्यायामशाला का उपयोग शरीर को स्वस्थ एवं मांसपेशियों को मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए अत्यन्त आवश्यक है। विद्यालय की व्यायामशाला में आधुनिक उपकरणों, योग, व्यायाम और फिटनेस से विद्यालय के छात्रों को अत्यन्त लाभ होगा। प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने कहा कि संघ प्रेरणा से सिंचित विद्या भारती के विद्यालय वर्तमान समय में अपनी शिक्षा प्रणाली से ऐसे प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का निर्माण कर रहे है जो उत्तम शिक्षा के साथ साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वाह कर इस देश को नयी दिशा और दशा देने में सक्षम है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं पूर्णता मंत्र के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य मोहन सिंह मटियानी, भवन प्रभारी जसवीर सिंह पुंडीर, भवन प्रभारी भावना त्यागी, शमा अग्रवाल, आनन्द कुमार, कुलभूषण सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
