और जब पत्रकारों के सवालों के घेरे में घिरते नजर आए भाजपाई, लगे बगले झांकने
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। देहरादून रोड स्थित रुड़की के एक होटल में भाजपा जिला अध्यक्ष मधु सिंह एवं भाजपा संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को लेकर हरिद्वार जिले में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इसी दौरान जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि आज स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का जन्मदिन है उस पर तो आपकी कोई प्रतिक्रिया या उल्लास संगठन द्वारा नहीं दिखाई दिया। इतना ही नहीं पत्रकारों ने सवाल करते हुए यह भी पूछा कि क्षेत्र में सांसद लापता के पोस्टर लगे थे उसके बाद भी सांसद वहां नहीं दिखाई दिए जिस पर भाजपा संगठन के लोग एक दूसरे की ओर बगले झांकते नजर आए तो वही एक भाजपा नेता सागर गोयल द्वारा पत्रकारों को जवाब देते हुए कहा गया कि सांसद संसद में बैठने के लिए होता है। यह सवाल सुनते ही पत्रकारों की हंसी का कोई ठिकाना नहीं रहा जिसके बाद भाजपाई असहज होते हुए दिखाई दिए। गजब है भाजपाइयों के सवालों के जवाब और गजब है इनकी लीला।
शनिवार रुड़की के एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह ने पखवाड़े के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पत्रकारों के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि 16 सितंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक सागर गोयल और जिला महामंत्री अक्षय प्रताप ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें नागरिक अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देंगे। इसके साथ ही 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत विषय पर विद्यालयों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि नमो सेवा गाथा के माध्यम से पिछले वर्षों में हुए सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों की जानकारी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसी क्रम में आंगन का उत्सव कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी तथा बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह ने बताया कि कार्यक्रमों में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्थानीय कलाकारों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष संजय अरोरा, भाजपा नेता महेंद्र काला, जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष आदित्य रोड, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलकमल शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, सभासद आकाशदीप गौतम, अंकित गौतम आदि भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
