June 21, 2026

योग स्वास्थ्य शरीर के लिए अत्यंत आवश्यक:आयुष मंत्री मदन कौशिक

0
FB_IMG_1782038601995
Getting your Trinity Audio player ready...

*जिलाधिकारी मयूर दीक्षित बोले योग को दैनिक जीवन में शामिल कर नियमित अभ्यास करें*

*ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 1000 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास*

हरिद्वार (देशराज पाल)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आयुष मंत्री मदन कौशिक, विशिष्ट अतिथि मेयर नगर निगम किरण जैसल, अपर सचिव/निदेशक आयुर्वेद विजय कुमार जोगदंडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
आयुष मंत्री मदन कौशिक ने प्रदेश एवं जनपदवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ में रखे गए प्रस्ताव को आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। वर्तमान में 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है और भारत योग के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर इसे जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग से व्यक्ति स्वस्थ होगा, समाज स्वस्थ होगा और अंततः देश भी स्वस्थ एवं विकसित बनेगा। इस दौरान मेयर किरण जैसल ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है। अपर सचिव/निदेशक आयुष विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में पूरे प्रदेश में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयुष विभाग द्वारा योग शिविरों के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित कर लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद में ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि योग को दैनिक जीवन में शामिल कर नियमित अभ्यास करें, जिससे शरीर स्वस्थ बना रहे। इस अवसर पर संगम सांस्कृतिक कला मंच द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी गई। इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा विशिष्ट अतिथियों को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया एवं आयुष मंत्री एवं मेयर किरण जैसल द्वारा आयुर्वेदिक ऋषिकुल परिसर में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी, अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वंदना डंगवाल, डॉ. मनीषा चौहान एवं डॉ. दीपिका वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page