रुड़की तहसील में खुली अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और केके पंत ने किया लोकार्पण
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

रुड़की (देशराज पाल)। कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत V-Marc इंडिया लिमिटेड (V-Marc India Limited) द्वारा स्थापित अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण आज तहसील रुड़की परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईआईटी रुड़की निदेशक प्रो. के. के. पंत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर वी-मार्क इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विकास गर्ग भी उपस्थित रहे। यह पहल सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं, को डिजिटल एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यह पहल सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगी और उन्हें डिजिटल भारत के निर्माण में सहभागी बनाएगी। आईआईटी रुड़की के निदेशक ने इसे समाज और शिक्षा के बीच सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि जब प्रशासन, शिक्षण संस्थान और उद्योग जगत साथ आते हैं, तो परिवर्तन निश्चित होता है। यह पहल न केवल डिजिटल साक्षरता को बढ़ाएगी, बल्कि ग्रामीण एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को भी भविष्य की तकनीकों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगी। जिला प्रशासन हरिद्वार एवं आईआईटी रुड़की के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) पर भी हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट द्वारा हस्ताक्षर किए गए। समझौते का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को कंप्यूटर एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है।आईआईटी रुड़की के प्रोफेसरों एवम Community Outreach Program के अंतर्गत आईआईटी रुड़की के विद्यार्थियों द्वारा भी प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा पाठ्यक्रम पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को आईआईटी रुड़की की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।कार्यक्रम में बालिकाओं की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वे भी तकनीकी क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।कार्यक्रम में आईआईटी रुड़की के डीन एसआरआईसी प्रो. विवेक मलिक, डीन इंटरनेशनल रिलेशन्स प्रो. करुण रावत, डीन एकेडमिक्स नवीन नवानी, सीनियर कंसल्टेंट मार्गरेट क्लिमकोटी, अपर उपजिलाधिकारी रुड़की अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी, तहसीलदार लक्सर शुभांगिनी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। वी-मार्क इंडिया लिमिटेड की ओर से सीएफओ डी. के. बंसल, जीएम (एचआर) राहुल वत्स, एचआर अभय गोयल तथा लीगल हेड ज्ञान प्रकाश शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
