क्वाड्रा इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|

रुड़की (देशराज पाल)। शहर के जाने माने क्वाड्रा इंस्टिट्यूट ऑफ आयुर्वेद रुड़की मेंं बीएएमएस बैच 2025 के नव छात्रों के स्वागत को बीएएमएस बैच 2024 के छात्रों द्वारा एक फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन बल्कि अनुशासन, संस्कार एवं शैक्षणिक प्रेरणा का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
बृहस्पतिवार को फ्रेशर पार्टी में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलसचिव नरेंद्र सिंह एवं पूर्व जॉइंट निदेशक आनंद भारद्वाज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों-शास्त्रीय एवं आधुनिक नृत्य, मधुर संगीत प्रस्तुतियाँ, रैम्प वॉक एवं रचनात्मक गतिविधियों ने पूरे सभागार को ऊर्जा और उल्लास से भर दिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह ने कहा कि आयुर्वेद भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है और आज के युग में इसकी वैश्विक आवश्यकता और भी बढ़ गई है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अध्ययन के साथ-साथ चरित्र निर्माण, अनुशासन और सेवा भावना को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। विशिष्ट अतिथि आनंद भारद्वाज ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के विद्यार्थी समाज के लिए स्वास्थ्य रक्षक की भूमिका निभाते हैं। संस्थान के सचिव डॉ. रकम सिंह ने कहा कि क्वाड्रा इंस्टिट्यूट छात्रों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मविश्वास और व्यावसायिक दक्षता प्रदान करने का संकल्प लेकर कार्य कर रहा है। उन्होंने नए छात्रों को संस्थान परिवार का अभिन्न अंग बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।निदेशक डॉ. ऋषभ जैन ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक सुविधाओं एवं अनुशासित वातावरण पर प्रकाश डाला। प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने नवप्रवेशी छात्रों को अकादमिक नियमों, नैतिक आचरण एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से अवगत कराया। फ्रेशर पार्टी के अंतर्गत आयोजित विभिन्न चरणों एवं प्रतियोगिताओं के आधार पर छात्र अमन गौर को मिस्टर फ्रेशर एवं छात्रा मनिषा शर्मा को मिस फ्रेशर, मिस्टर कोमिक करन प्रताप सिंह गोहर एवं मिस कोमिक सिया अग्रवाल, मिस्टर मनोरंजन गुरूप्रीत सिंह एवं मिस मनोरंजन श्वेता कुमारी को घोषित किया गया। विजेताओं को सम्मानित किए जाने पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।
