होटल के कमरे में लगी भीषण आग, सीपीडब्ल्यूडी के जेई की संदिग्ध दर्दनाक मौत
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
हरिद्वार (देशराज पाल)। हरिद्वार के एक होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग की चपेट में आकर सीपीडब्ल्यूडी के जेई की जलकर संदिग्ध दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने होटल के कमरे का दरवाजा तोड़कर जेई के शव को बामुश्किल बाहर निकाला। पुलिस होटल के कमरे में लगी आग के कारणों की जांच कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि हरिद्वार रजिस्ट्री तिराहा के पास होटल सिग्नेचर के कमरे में आग लग गई है। जिसमें एक व्यक्ति मौजूद था। जानकारी लगने पर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि होटल कर्मचारियों ने कमरे की मास्टर चाबी से आग बुझाने के लिए लॉक खोल दिया था लेकिन कमरे के दरवाजे की चटकनी अंदर से लगने के कारण नहीं खुल पाया था। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोडा तो कमरे के अंदर का नजारा देख सभी सन रह गए। कमरे के अंदर मौजूद व्यक्ति की जलने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया और व्यक्ति के शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया गया है कि मृतक बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 11:30 बजे आया था और होटल का कैमरा लिया था। पुलिस ने मृतक का नाम मोहित उम्र 25 पुत्र कैलाश कासनियां निवासी मेहता रोड नागौर राजस्थान बताया है। पुलिस ने बताया कि मृतक पंजाब के भटिंडा में सीपीडब्ल्यूडी में जेई के पद पर तैनात था। पुलिस ने बताया कि मामला प्रथम दृश्य आत्महत्या का लग रहा है। होटल के कमरे में भीषण आग कैसे लगी अभी यह साफ नहीं हो पाया है। मौके पर एफएसएल की टीम को जांच के लिए लगाया गया है टीम साक्ष्य जुटा रही है। कमरे से कोई सुसाइड नोट भी प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस फिलहाल जांच पड़ताल करने में जुटी है।
