उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय योग विभाग द्वारा विशेष योग कार्यशाला का शुभारंभ
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
*8 से अधिक राज्यों से आए 80 से अधिक योग विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने आयोजन में लिया भाग*
*कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी द्वारा की गई*
हल्द्वानी (देशराज पाल/एजेंसी)। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के योग विभाग द्वारा आयोजित विशेष योग कार्यशाला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पिथौरागढ़ के जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी द्वारा की गई।
कार्यशाला में देश के विभिन्न प्रांतों की सहभागिता देखने को मिली। भारत के 8 से अधिक राज्यों से आए 80 से अधिक योग विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि जितेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में दैनिक जीवन में योग की व्यावहारिक उपयोगिता और इसके शारीरिक व मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने योग विभाग के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने दूर-दराज के राज्यों से आए सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे इस कार्यशाला में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ भाग लें तथा योग की सूक्ष्म बारीकियों को सीखकर समाज में इसका प्रसार करें। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की निदेशक प्रो. मंजरी अग्रवाल सहित योग विभाग के सभी प्राध्यापक, प्रशिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रो. मंजरी अग्रवाल ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन डॉ भानु जोशी विभागाध्यक्ष द्वारा किया गया।
