नगर निगम कर्मचारियों ने कार्यालयों पर लगाए ताले, माफ़ी ना मांगने तक हड़ताल की चेतावनी
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। पार्षद प्रतिनिधि पर कर्मचारी ने गाली गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में नगर निगम के समस्त कर्मचारी लामबंद हो गए हैं और उन्होंने नगर निगम के कार्यालयों पर ताले लगाते हुए हड़ताल की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक वह माफी नहीं मांगेंगे तब तक शहर में हड़ताल होगी और शहर से कूड़ा नहीं उठेगा। नगर निगम के कर्मचारियों के द्वारा अचानक से हड़ताल कर दिए जाने से नगर निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। बताया गया है कि अधिकारी कर्मचारियों को मनाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन कर्मचारी अपनी मांग पर अडिग हैं।
बृहस्पतिवार को नगर निगम के कार्यालय पर अचानक से ताबड़तोड़ ताले लगा दिए गए। इस दौरान कुछ कर्मचारी पार्षद प्रतिनिधि के खिलाफ अपना रोष जाहिर करते भी दिखे। नगर निगम स्ट्रीट लाइट के कर्मचारी द्वारा पार्षद के देवर पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। मामले में नगर निगम के कर्मचारी कार्यालय बंद करके हड़ताल पर चले गए। इसके साथ ही कर्मचारियों ने शुक्रवार से शहर की सफाई व्यवस्था ठप किए जाने की चेतावनी दी। रुड़की नगर निगम में स्ट्रीट लाइट का काम देखने वाले कर्मचारी सावन ने बताया कि आज सुबह वार्ड नंबर 36 से पार्षद के देवर नगर निगम में आए और उन्होंने वार्ड की लाइटें देखने को कहा सावन के अनुसार बीते रोज पूरे दिन उसी वार्ड में उन्होंने काम किया था तो आज दूसरे वार्ड में काम शुरू कर दिया था। आरोप है कि उन्होंने अगले दिन वार्ड में काम करने की बात कही तो वह भड़क उठा और गाली गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। इसी से नाराज पीड़ित कर्मचारी ने यह बात संगठन के अध्यक्ष धनप्रकाश को बताई। जिसके बाद नगर निगम कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी करते हुए हड़ताल की घोषणा कर दी। लामबंद हुए कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक पार्षद का देवर माफी नहीं मांगता तब तक शहर से कूड़ा नहीं उठेगा और हड़ताल जारी रहेगी। नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा हड़ताल पर जाने से नगर निगम के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले को लेकर नगर निगम आयुक्त और मेयर से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।
