कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा: शांति कुमार
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की/मंगलौर (देशराज पाल/राजपाल)। सोशल मीडिया पर एक युवक को बेरहमी से पीटने का वीडियो वायरल हुआ तो मंगलौर पुलिस हरकत में आयी। कोतवाल शांति कुमार ने साफ कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वायरल वीडियो में मारपीट करने वाले सभी आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अनाज गोदाम के पास कुछ युवक हाथों में डंडे लेकर एक युवक को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। युवक उनसे बचने के लिए इधर से उधर चिल्लाता हुआ भाग रहा है लेकिन दबंग उसे पकड़ कर बेरहमी से पीट रहे हैं। युवक को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस हरकत में आई और वीडियो में मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू की। आरोप है कि अनाज गोदाम के पास एक बकरी है जिसके जनरेटर से बैटरी चोरी हुई है। बैटरी चोरी की जानकारी पुलिस को न देकर बकरी स्वामी खुद ही चोर को ढूंढ रहा था और युवक को बैटरी चोरी के आरोप में पकड़ कर पीटने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कोतवाल शांति कुमार ने कहा कि मामले में पुलिस को चोरी की कोई तहरीर नहीं दी गई और यदि युवक ने बैटरी चोरी की भी है तो उन्हें कानून हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं है। मारपीट करने वाले सभी पकड़े जाएंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पीटे गए युवक से भी पूछताछ की जाएगी यदि चोरी का आरोप सही पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन खुलेआम मारपीट की यह गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
