युवा शक्ति हमारे देश की रीढ इसके बल पर ही हमारा देश बढ़ रहा आगे: मनीष
*युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा ब्लॉक सभागार खानपुर में युवा महोत्सव का आयोजन*
*नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर के संस्थापक प्रबंधक डॉ घनश्याम गुप्ता बोले इस प्रकार के कार्यकर्मों से युवाओं को आगे बढ़ने का मिलता है मौका*
रुड़की (देशराज पाल)। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार बतौर मुख्य अतिथि ने कहा कि युवा शक्ति हमारे देश की रीढ है, इसके बल पर ही हमारा देश आगे बढ़ रहा है। युवा शक्ति ही विकसित भारत के सपने को कर रही साकार।
शनिवार युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा ब्लॉक सभागार खानपुर में युवा महोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर के संस्थापक प्रबंधक डॉ घनश्याम गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के कार्यकर्मों से युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है और उनके अंदर छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान होता है। सैनिक कल्याण विभाग की ओर से आए सूरजपाल सिंह ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर अपने विभाग के बारे में बताते हुए कहा कि जिस प्रकार सीमाओं पर सैनिक अपने देश की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगा देते हैं उसी प्रकार से हमारे युवाओं को भी देश की एकता, अखंडता तथा अस्मिता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आशीष सिंगवान की ओर से किया गया जिन्होंने कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए सभी अतिथियों का माल्यार्पण व बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में मांगेराम मौर्य, सुधारानी तथा प्रीति जोशी ने निर्णायक की भूमिका अदा की। लोकगीत, लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताओं में नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर की बालिकाओं ने प्रथम स्थान प्राप्त कर परचम लहराया।राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदपुरी कला तथा जय सुभाष इंटर कॉलेज चंद्रपुरी कला की बालिकाओं ने क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर मदन पाल पीआरडी कमांडर, सेठपाल सिंह, आकाश पवार, विकास, अरुण, हिमांशु, प्रदीप समेत युवा कल्याण विभाग एवं प्रांतीय रक्षक दल के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
