अपराधी को संरक्षण, पीड़ित को फटकार यह है मंगलौर कोतवाली के दरोगा का हाल
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
*घर में घुसकर गाली गलौज और घर की दीवार तौडी*
*आरोपी बोला अभी तो दीवार तोड़ी अगर तुम यहां से नहीं भागे तो ट्रैक्टर तुम्हारे ऊपर ही चढ़ा दूंगा*
*मंगलौर कोतवाली के दरोगा ने भी पीड़ित की नहीं सुनी और पीड़ित को ही लगाई फटकार*
रुड़की/मंगलौर (देशराज पाल)। मंगलौर कोतवाली में तैनात दरोगा पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप पीड़ित द्वारा लगाया गया है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस उनकी एक नहीं सुन रही जबकि आरोपी के साथ आराम से कोतवाली के दारोगा का बर्ताव देखा गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी का अपराधिक इतिहास है और पूर्व में भी वह दो बार गांव में ही गोली चला चुका है लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस पीड़ित की सुनने को तैयार नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित अशोक कुमार पुत्र स्वर्गीय सूरजमल निवासी ग्राम खेड़ाजट ने बताया कि सोनू उर्फ सौरभ का मकान उनके आसपास है। सौरभ काफी दबंग एवं झगड़ालू तथा शराबी प्रवृत्ति का है जो आए दिन शराब पीकर किसी न किसी से गाली गलौज करता रहता है। पीड़ित का आरोप है कि वह उनके परिवार से रंजिश रखता है। इसी रंजिश के चलते 6 जुलाई 2026 की सुबह जब वह घर से बाहर गए हुए थे इसी दौरान सौरभ ने घर में मौजूद मां और बहन के साथ गाली गलौज करने के साथ ट्रैक्टर ट्राली से घर की दीवार को गिरा दिया। घर में चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे इसी बीच आरोपी उन्हें यह धमकी देता हुआ कि अभी तो दीवार तोड़ी है अगर तुम यहां से नहीं भागे तो ट्रैक्टर तुम्हारे ऊपर ही चढ़ा दूंगा। यह कहता हुआ वह फरार हो गया। मामले की सूचना 112 नंबर पर दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस से पहले ही आरोपी भाग निकलने में कामयाब रहा। मामले में पीड़ित ने तहरीर पुलिस को देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। मामले की जांच मंगलौर कोतवाली के एक दरोगा को सौंपी गई। आरोप है कि जांच में उक्त दारोगा द्वारा पीड़ित को यह कहते हुए फटकार लगाई गई की सौरभ की पत्नी सुनीता के नाम इस जमीन का बैनामा है और यह जमीन उनकी है। जबकि पीड़ित अशोक कुमार का कहना है कि इस जमीन पर कोई बैनामा नहीं है यह जमीन दादइलाही है और कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है। लेकिन पीड़ित का आरोप है कि सारे कागजात दिखाने के बाद भी दरोगा ने कहा कि क्या होता है न्यायालय में कुछ नहीं मानता तुम मामले में समझौता कर लो और अपनी तहरीर वापस ले लो। दरोगा उन पर दबाव बना रहा है और आरोपी खुला घूम रहा है। पीड़ित ने मामले में एसएसपी हरिद्वार से भी संज्ञान लेकर मामले में न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि क्या एसएसपी इस मामले का संज्ञान लेकर इसमें कोई कार्रवाई करने के आदेश देते हैं या नहीं यह आने वाला वक्त ही बताएगा। मामले में पीड़ित के बेटे दीपू कुमार ने मीडिया को दिए बयान में बताया है जो वीडियो जारी है।
