April 25, 2026

डीएम के निर्देशों को हवा में उड़ा रहे एनएचआई-334 के लापरवाह अधिकारी

0
IMG_20260425_140241
Getting your Trinity Audio player ready...

*मीडिया कर्मियों का फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझते यह लापरवाह अधिकारी*

*गुड मंडी से लेकर मंगलौर बस स्टैंड तक हाईवे पर पसरा हुआ अंधेरा*

*हाईवे किनारे रेलिंग जगह-जगह से टूटी, जो दे रही लगातार बड़े हादसे को बुलावा*

 *मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने मामले को बताया गंभीर, बोले मुख्य सचिव को लिखेंगे पत्र*

रुड़की/मंगलौर (देशराज पाल/राजपाल)। एनएचआई-334 के अधिकारी इतने बेखौफ हो गए हैं कि वह डीएम के निर्देशों को भी आसानी से हवा में उड़ा रहे हैं। जी हां यह बात हम इसलिए दावे के साथ कह रहे हैं क्योंकि अभी हाल ही में डीएम और एसएसपी ने चार धाम यात्रा को लेकर नारसन बॉर्डर का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण से वापस लौटते हुए देवबंद तिराहे के पास डीएम साहब ने अचानक से अपनी गाड़ी रूकवाई और सड़क के बीच में आ रहे पोल को हटवाने और हाईवे पर विद्युत व्यवस्था सुचारू कराने के निर्देश दिए थे। बताया गया है कि डीएम की नाराजगी के बाद सड़क के बीच से पॉल तो हटा दिया गया लेकिन अभी तक बिजली की कोई व्यवस्था नहीं की गई जिसके चलते एक सप्ताह बाद भी गुड मंडी से लेकर मंगलौर बस स्टैंड तक हाइवे पर अंधेरा ही पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पूर्व डीएम और एसएसपी ने चार धाम यात्रा को लेकर नारसन बॉर्डर का स्थलीय निरीक्षण किया था। आपको बता दे की स्थलीय निरीक्षण के दौरान वापस लौटते हुए डीएम साहब की नजर मंगलौर स्थित देवबंद तिराहे के पास सड़क के बीच में खड़े एक विद्युत पोल पर गई। सड़क के बीच में विद्युत पोल को देख डीएम साहब ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एनएचआई के अधिकारियों को तुरंत विद्युत पोल को हटाने के निर्देश दिए और हाईवे पर अंधेरे को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। बताया गया है कि विद्युत पोल को तो हटा दिया गया लेकिन डीएम साहब के निर्देशों के एक सप्ताह बाद भी लाइट की व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया है जिसके चलते गुड मंडी से लेकर मंगलौर बस स्टैंड तक सड़क पर अंधेरा पसरा हुआ है जो कि किसी बड़े हादसे को दावत देने का इंतजार कर रहा है। इतना ही नहीं सड़क किनारे रेलिंग भी बस स्टैंड से लेकर मंगलौर थाने तक टूटी पड़ी है इसको लेकर मीडिया द्वारा इन लापरवाह एनएचआई के अधिकारियों को कई बार सूचित कर दिया गया लेकिन उसके बावजूद भी उनकी तरफ से कोई ठोस कदम इस ओर नहीं उठाया गया। इतना ही नहीं यह लापरवाह अधिकारी मन मुताबिक फोन उठाते हैं। वरना ज्यादातर फोन उठाना ही मुनासिब नहीं समझते हैं। मीडिया कर्मियों की बात तो चलो अलग है लेकिन अब इनके हौसले तो इतने बुलंद हो गए हैं कि यह अधिकारी डीएम के निर्देशों को भी हवा में उड़ा रहे हैं। चार धाम यात्रा शुरू हो चुकी है लेकिन हाईवे पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। इस पूरे मामले को लेकर मंगलौर विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन से बात की गई जिस पर उन्होंने मामले को बहुत गंभीर बताया। उन्होंने बताया कि मामले में मुख्य सचिव को पत्र लिखा जाएगा और ऐसे लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कारवाई होना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page