मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज में महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज रुड़की के प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के देश के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय की समस्त प्रवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव, राधिका गोस्वामी एवं पारुल ने ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ गीत का सामूहिक गायन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन, विदेशी वस्त्रों के बहिष्कार तथा भारत छोड़ो आंदोलन ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा प्रदान की। वहीं, सादगी एवं सरलता की प्रतिमूर्ति तथा ‘जय जवान, जय किसान’ का प्रसिद्ध नारा देने वाले लाल बहादुर शास्त्री महात्मा गांधी के विचारों से अत्यंत प्रभावित थे और उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्श, सत्य, अहिंसा, सादगी, देशभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे महान व्यक्तित्वों को हम शत्-शत् नमन करते हैं। महाविद्यालय की छात्राओं ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के विचारों और आदर्शों से प्रेरित होकर अपने विचार प्रस्तुत किए। महाविद्यालय की छात्राओं ने महाविद्यालय के प्रांगण को स्वच्छ बनाने के लिए स्वच्छता अभियान में योगदान अर्पण किया एवं सभी प्रवक्ता गण एवं कर्मचारियों ने भी उनका सहयोग किया।
