डीईआई इन्फॉर्मेशन सेंटर रुड़की में छात्रों के लिए निःशुल्क डिजिटल कौशल प्रशिक्षण का शुभारंभ
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
*कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 6 माह का साप्ताहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम*
रुड़की (देशराज पाल)। डीईआई इन्फॉर्मेशन सेंटर रुड़की द्वारा नगर के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 6 माह के निःशुल्क कंप्यूटर एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह साप्ताहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम केंद्र के 20वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
केंद्र प्रबंधन के अनुसार इस पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया अभी भी जारी है और किसी भी विद्यालय में कक्षा 6 से 12 के इच्छुक विद्यार्थी इसमें अपना रजिस्ट्रेशन कराकर इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं।कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. वी. हुज़ूर सरन, प्रोफेसर, आई.आई.टी. रुड़की के कर कमलों द्वारा किया गया। उन्होंने बदलती तकनीकी दुनिया में कंप्यूटर एवं डिजिटल कौशल के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को इनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर से ही डिजिटल दक्षता विकसित करना छात्र-छात्राओं की शिक्षा तथा उनके भविष्य के व्यावसायिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम का संचालन वी. अगम, जॉर्जिया टेक यूनिवर्सिटी, अमेरिका के पूर्व छात्र एवं अर्न्स्ट एंड यंग में प्रबंधक, द्वारा किया जाएगा। उनके तकनीकी एवं व्यावसायिक अनुभव से विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त होगी। इस अवसर पर डी.ई.आई. इन्फॉर्मेशन सेंटर के वरिष्ठ अध्यापक डॉ. वी. गुरु चरण एवं वी. राधा की गरिमामयी उपस्थिति रही। 6 माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पारंपरिक कंप्यूटर बेसिक्स के अतिरिक्त वास्तविक जीवन में काम आने वाले व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत कंप्यूटर हार्डवेयर व स्पेसिफिकेशन की पहचान, डिजिटल फाइल व डेटा प्रबंधन, ज़िम्मेदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग व प्रॉम्प्टिंग, ‘डिजिटल इंडिया’ की ई-गवर्नेंस सेवाओं (जैसे डिजिलॉकर, उमंग, मायगॉव) की जानकारी, साइबर सुरक्षा, फ्रॉड व यूपीआई घोटालों से बचाव, आधुनिक डॉक्युमेंट्स, स्प्रेडशीट्स व प्रेजेंटेशन्स, डिजिटल पोस्टर व प्रचार सामग्री डिज़ाइन, बिना कोडिंग के वेबसाइट निर्माण, ई-कॉमर्स व ऑनलाइन व्यवसाय की कार्यप्रणाली, तथा डिजिटल करियर, रिज्यूमे निर्माण व पेशेवर डिजिटल संचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण (हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग) दिया जाएगा।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही कंप्यूटर साक्षरता, डिजिटल दक्षता, तार्किक सोच एवं समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के लिए अधिक सक्षम और आत्मविश्वासी बन सकें। डी.ई.आई. इन्फॉर्मेशन सेंटर, रुड़की की यह पहल नगर के छात्रों को डिजिटल युग की आवश्यकताओं से जोड़ने तथा उनके ज्ञान, कौशल और तकनीकी समझ को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
