जिलाधिकारी को भी गुमराह कर रहे अधिकारी, नाराज कांग्रेसी धरने पर बैठे
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
सोलानी नदी पुल और कलियर मार्ग की बदहाली को लेकर कांग्रेस का धरना, जल्द गड्ढामुक्त कराने की पुरजोर तरीके से उठाई मांग
रुड़की (देशराज पाल)। सोलानी नदी के पुराने कलियर मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोलानी नदी पुल के पास धरना देकर संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और मार्ग को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त कराने की पुरजोर तरीके से मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित धरने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुराने कलियर मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों के साथ ही पैदल राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, पिछले सप्ताह जिलाधिकारी हरिद्वार की ओर से सोलानी नदी के पुराने कलियर मार्ग पर गड्ढे भरने और सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अब तक मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस ने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि प्रशासन के निर्देश के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए विभाग को महज आश्वासन देने के बजाय धरातल पर काम करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सोलानी नदी पुल और पुराने कलियर मार्ग के सभी गड्ढों को तत्काल भरा जाए और मार्ग की स्थायी मरम्मत कराई जाए।विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर पहले भी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया और मार्ग को सुरक्षित नहीं बनाया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। धरने प्रदर्शन में मुख्य रूप से फुरकान अहमद विधायक कलियर, गौरव गोयल पूर्व मेयर, महामंत्री संगठन मुनफैत अली, मदनपाल सिंह भडाना, रिजवान अहमद, संजय गुड्डू पुर्व पार्षद, पार्षद ताहिर चौधरी, अब्दुल समद, मोहसिन अल्वी, नीरज सैनी, पंडित वीरेंद्र कुमार शर्मा, सुनील शर्मा, सुभाष चंद्र सैनी, गौरव प्रधान, इसरार प्रधान, धर्मपाल जाटव, अजीम मलिक, उम्मेद गाजी, तुषार गोयल, अनूप शर्मा, जगपाल सिंह पुर्व जिला पंचायत सदस्य, योगेंद्र बीडीसी , नूर आलम, राजा आदि उपस्थित रहे।
