August 7, 2026
FB_IMG_1786023544261
Getting your Trinity Audio player ready...

*डीएम ने सभी विभागों को जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश*

*डीएम बोले हर घर तिरंगा 2026 अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है*

रुड़की/हरिद्वार (देशराज पाल)। डीएम मयूर दीक्षित ने शासन के निर्देशों के क्रम में जिला हरिद्वार में हर घर तिरंगा 2026 अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किए जाने हेतु सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
डीएम ने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा साइकिल एवं ई-बाइक रैली, राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता, तिरंगा-थीम आधारित रोशनी, तिरंगा सेल्फी बूथ, शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा आधारित गतिविधियां तथा व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे प्रत्येक नागरिक अभियान से जुड़ सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी व्यावहारिक हो, सरकारी भवनों, बांधों, पुलों, सड़कों, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा-थीम आधारित रोशनी एवं आकर्षक सजावट की जाए। साथ ही अधिक भीड़भाड़ वाले प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा-थीम की भव्य रंगोलियां बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। डीएम ने कहा कि विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगे से प्रेरित कला-कृतियों, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंगों तथा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के अंशों से दीवारों एवं परिसर को सजाने जैसी गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जाए। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों एवं समस्त खंड विकास अधिकारियों सहित सभी विभागों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट एवं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाए। साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को हर घर तिरंगा पोर्टल (www.harghartiranga.com) पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर डिजिटल अभियान में सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं भारतीय ध्वज संहिता का पूर्णतः पालन कराया जाए। शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों, औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य विभागों को अभियान के सफल संचालन हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा 2026 अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर, अभियान की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करें तथा हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रीय जनअभियान का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page