ढंडेरा नगर पंचायत बोर्ड बैठक में सभासदों का हंगामा, चेयरमैन भी दिखे गुस्से में लाल, बैठक स्थगित
|
Getting your Trinity Audio player ready...
|
*चेयरमैन सतीश नेगी बोले विकास कार्यों में सभासदों को सहयोग करना चाहिए*
*समर्थकों सहित बोर्ड बैठक में घुस गए विधायक उमेश कुमार, सभासदों ने जताया विरोध*
*भड़के विधायक उमेश कुमार, बोले बिना निधि के क्या मैं अपने घर से दूं पैसा*
*सभासद विकास पाल बोले बिना काम के घोषणा न करें विधायक उमेश कुमार*
रुड़की (देशराज पाल)। नगर पंचायत ढंडेरा में आयोजित बोर्ड बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक में सभासदों ने जमकर हंगामा काटा तो चेयरमैन भी कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर गुस्से में लाल दिखे। बैठक के बीच ही कर्मचारियों को नगर पंचायत में आने वाले आम नागरिकों की बात नम्रता के साथ सुनने की हिदायत दी गई। वहीं हंगामे के बाद बैठक स्थगित कर दी गई।
मंगलवार को नगर पंचायत ढंडेरा में बोर्ड बैठक की गई। बैठक शुरू होते ही सभासदों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा इस कदर बढ़ा कि बैठक से उठकर ईओ बाहर आ गए। लेकिन इसके बाद भी हंगामा होता रहा। इसी बीच विधायक उमेश कुमार भी बैठक में पहुंच गए। उनके समर्थक भी बोर्ड बैठक के अंदर ही आ गए। इसे लेकर कुछ सभासदों ने बैठक की मर्यादा भंग होने की बात कही। इस पर पुलिस ने दरवाजे के अंदर और बाहर लगी भीड़ को हटाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन इसके बाद भी विधायक समर्थकों की भीड़ बैठक में ही बनी रही। इसे लेकर सभासद भी दो खेमों में बट गए।सभासद कुंवर सिंह डंगवाल के नगर पंचायत को पांच-पांच लाख रुपए के काम देने की बात उठाने पर विधायक ने निधि आने पर मांग पूरी करने की बात कही। सभासद विकास पाल ने भी विधायक से बिना काम दिए घोषणा न करने की बात कही। इस पर विधायक भड़क गए। विधायक ने कहा कि क्या बिना निधि के मैं अपने घर से दूं। विधायक ने नगर पंचायत को बजट न दिए जाने को लेकर सरकार पर भी नाराजगी जताई। करीब दो घंटे तक चली बोर्ड बैठक में कोई हल न निकल पाने पर बैठक को सर्वसम्मति से स्थगित कर दिया गया। चेयरमैन सतीश नेगी ने बताया कि कुछ सभासदों की नाराज़गी कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर थी जिस पर कर्मचारियों को बैठक में बुलाकर जनता की बात सुनने के लिए समझा दिया गया है। चेयरमैन ने कहा कि विकास कार्यों में सभासदों को सहयोग करना चाहिए। अभी तक सरकार से विकास कार्यों को लेकर बजट जारी नहीं हो सका है। पर्याप्त कर्मचारी नहीं है जिस कारण सफाई व्यवस्था के लिए भी वार्डों को बांटकर व्यवस्था बनाई गई है। बजट को लेकर उनकी शासन में वार्ता हुई है। कुछ कार्यों के लिए अगले महीने बजट मिलने की संभावनाएं हैं। बैठक में अधिशासी अधिकारी विरेंद्र सिंह, सभासद विकास पाल, विजय सिंह पंवार, गोविंद सिंह, कुंवर सिंह डंगवाल, सभासद प्रतिनिधि मोहित कुमार, दिनेश नेगी आदि मौजूद रहे।
