May 19, 2026

निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति:शेखर चतुर्वेदी

0
IMG_20260519_102246
Getting your Trinity Audio player ready...

*स्वस्ति वाचन एवं गायत्री मंत्र के साथ संपन्न हुआ ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कर्नाटक का वार्षिक समारोह*

*एसोसिएशन पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठनात्मक मजबूती और पत्रकारों को सामाजिक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कर रहा कार्य: अतुल कपूर*

*अजय गुप्ता ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के विस्तार और पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की*

बेंगलुरु (संवाददाता)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कर्नाटक का वार्षिक समारोह गायत्री चेतना केंद्र बेंगलुरु के सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पत्रकार हितों, ग्रामीण पत्रकारिता की चुनौतियों तथा संगठन द्वारा पत्रकारों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि शेखर चतुर्वेदी द्वारा स्वस्तिवाचन एवं गायत्री मंत्र के साथ केक काटकर किया गया। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं, प्रतिभाओं तथा सामाजिक सरोकारों को सामने लाने में ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल समाचार संकलन का कार्य नहीं करता, बल्कि समाज को दिशा देने का दायित्व भी निभाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने, समाज में फैली कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाशित करने का आह्वान किया। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर ने संगठन की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण एवं छोटे कस्बों में कार्य करने वाले पत्रकार अनेक कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित संसाधन एवं सुरक्षा नहीं मिल पाती। इसी उद्देश्य से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठनात्मक मजबूती तथा पत्रकारों को सामाजिक पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा विभिन्न राज्यों में पत्रकारों को जोड़ने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, पत्रकार उत्पीड़न के मामलों में प्रशासनिक स्तर पर सहयोग करने तथा जरूरतमंद पत्रकारों की सहायता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पत्रकारों को डिजिटल पत्रकारिता, मीडिया नैतिकता एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने हेतु समय-समय पर कार्यशालाएं एवं विचार गोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। अतुल कपूर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में सात राज्यों में संगठन की प्रदेश कार्यकारिणियों का गठन किया जा चुका है तथा पांच राज्यों में संगठन विस्तार की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने जानकारी दी कि जून माह के अंतिम सप्ताह में तेलंगाना राज्य में भी प्रदेश संयोजक एफ. एम. सलीम के नेतृत्व में कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अजय कुमार वाली ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों से गुजर रही है। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों के सामने विश्वसनीयता बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, सत्यता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि अजय गुप्ता ने ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के विस्तार एवं पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए संगठन को पूरे कर्नाटक में मजबूत बनाने हेतु हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। आचार्य कमलेश खरे ने मंगल तिलक लगाकर एवं गायत्री मंत्र अंकित अंगवस्त्र भेंट कर अतुल कपूर, अजय कुमार वाली एवं अजय गुप्ता का स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर आलोक दीप, मनमोहन सिंह राठौर व प्रपन्न मंंडल सहित अनेक पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने पत्रकार एकता, सामाजिक सरोकार एवं संगठन की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम संयोजक अतुल कपूर ने बताया कि प्रेस क्लब परिसर में आंधी-तूफान के दौरान पेड़ गिर जाने के कारण कार्यक्रम स्थल को अंतिम समय में परिवर्तित करना पड़ा, इसके बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकार साथियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page