चार धाम यात्रियों को यमनोत्री लेकर निकला हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, 6 की मौत, एक गंभीर

Getting your Trinity Audio player ready...
|
रुड़की (देशराज पाल)। देवभूमि उत्तराखंड में इन दिनों चार धाम यात्रा के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से आ रहे हैं। चार धाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के हेलीकॉप्टर क्रैश हो जाने से आधा दर्जन श्रद्धालुओं की मौत होने की खबर सामने आ रही है। एक गंभीर रूप से घायल बताया गया है। बचाओ और राहत कार्य के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम लगी हुई है। इस दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए हर संभव सहायता मदद का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह उत्तरकाशी से एक दुखद खबर सामने आई है। बताया गया है कि उत्तरकाशी गगनानी में सुबह सवेरे एक हेलीकॉप्टर अचानक से क्रैश होकर ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हेलीकॉप्टर के क्रैश हो जाने की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाते हुए घायलों और मृतकों को बाहर निकलने का काम किया। बताया गया है कि यह हेलीकॉप्टर देहरादून के सहसधारा हेलीपैड से चार धाम यात्रियों को लेकर यमुनोत्री के लिए निकाला था। बताया गया है कि हेलीकॉप्टर में पायलट सहित सात लोग सवार थे जिनमें एक महिला भी शामिल थी। हेलीकॉप्टर क्रैश हो जाने से 6 लोगों की मौत हो जाने की जानकारी सामने आई है जबकि एक गंभीर घायल बताया गया है। रेस्क्यू टीम ने घायल को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया है। चार यात्री मुंबई और दो यात्री आंध्र प्रदेश के बताए गए हैं। हेलीकॉप्टर क्रैश हो जाने के बाद हेली सेवा अभी रोक दी गई है।